सेब लदी डीसीएम खड़े ट्रक से भिड़ी, कंडक्टर की मौत:शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा, ड्राइवर समेत 2 घायल
शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह 5 बजे एक तेज रफ्तार डीसीएम गाड़ी खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में अमेठी के रहने वाले 21 साल के कंडक्टर सलमान की मौके पर ही मौत हो गई। डीसीएम चालक इरफान और एक अन्य व्यक्ति उवैस इस हादसे में घायल हो गए। तीनों लोग डीसीएम के अन्दर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर जुटी भीड़ ने डीसीएम के पार्ट्स काट-काटकर तीनों को बाहर निकाला। डीसीएम कश्मीर से सेब लेकर सुल्तानपुर जा रही थी। यह हादसा गंगा एक्सप्रेस-वे पर पिलर नंबर 239 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डीसीएम चालक इरफान को झपकी आने के कारण गाड़ी खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। घायल इरफान ने बताया कि सलमान ने तीन बार सांस ली और फिर उसकी मौत हो गई। एनएचएआई की एंबुलेंस टीम ने करीब दो घंटे की कोशिश के बाद घायलों को बाहर निकाला। उनको परशुरामपुरी सीएचसी लाया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा सुबह 5 बजे हुआ था। उसके बाद से दोपहर 12 तक पुलिस के अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारी ये तय नहीं कर पाए हैं कि हादसा कौन से थाना क्षेत्र में हुआ है। सीओ परशुरामपुरी दीपक सिंह ने बताया कि हादसा संभवतः मदनापुर थाना क्षेत्र में हुआ है, परशुरामपुरी थाने से जानकारी की तो पता चला कि थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र में हादसा हुआ है। गढ़िया रंगीन थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि हादसा मदनापुर थाना क्षेत्र में हुआ है। वहीं सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि हादसा हुआ है। डीसीएम सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। हादसा कौन से थाना क्षेत्र में हुआ है ये क्लियर किया जा रहा है, संभवतः मदनापुर थाना क्षेत्र में हादसा नहीं हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)