बहराइच में दुर्गा प्रतिमाओं का महाविसर्जन:सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से हो रही है निगरानी
बहराइच में बुधवार को दुर्गा प्रतिमाओं का महाविसर्जन होगा। इसे लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नगर क्षेत्र में करीब 150 प्रतिमाओं समेत पूरे जनपद में करीब 1300 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार शाम से शुरू होने की संभावना है। विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नगर के सरयू तट स्थित विसर्जन स्थल पर घाट की साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाट पर नाव की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया जा रहा है। पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए जिले में शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद को दो जोन में बांटा गया है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख विसर्जन मार्गों पर पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ पीएसी और पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। भीड़ और जुलूसों की निगरानी के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विसर्जन जुलूस के पूरे मार्ग की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)