तालाब में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव:खेत जाते समय पैर फिसलने से डूबा, पीएसी और गोताखोर कर रहे थे तलाश
सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्याणपुर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। युवक मंगलवार शाम गांव के बाहर टिल्ला जाने वाले मार्ग के किनारे स्थित तालाब पर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गया। 24 घंटे से चल रहे तलाश अभियान के दौरान बुधवार को स्थानीय गोताखोरों ने उसका शव तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कल्याणपुर निवासी पंकज कुमार उर्फ कल्लू (31) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पंकज गांव के बाहर तालाब के किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। युवक के तालाब में डूबने की जानकारी मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उसकी तलाश शुरू कर दी। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आनंद नारायण त्रिपाठी और सीओ सदर नेहा त्रिपाठी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए। बुधवार सुबह सीतापुर से पीएसी का बल स्टीमर के साथ तालाब पर पहुंचा। इसके बाद जवानों ने तालाब में तलाश अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। गोताखोरों ने तालाब में जाल डालकर तलाश की। काफी प्रयास के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पंकज की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)