गोंडा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि:डीआईजी और एसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन, DIG बोले- बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा
गोंडा रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार सुबह 10:30 बजे पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान देवीपाटन रेंज के डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला, एसपी अभिषेक झा समेत पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र और श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के बलिदान को याद किया गया। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। अधिकारियों ने शहीदों के साहस और देश के प्रति उनके समर्पण को नमन किया। देशभर के 154 शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि समारोह में 21 अक्टूबर 2025 से 21 अक्टूबर 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए 154 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के छह वीर सपूत भी शामिल हैं। उनके नाम पढ़कर उपस्थित पुलिसकर्मियों को उनकी शौर्य गाथा और अदम्य साहस से अवगत कराया गया। डीआईजी बोले- जवानों का बलिदान हमेशा याद रहेगा डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि पुलिस के वीर जवान राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति देते हैं। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। एसपी ने कहा- शहीदों के त्याग से लें प्रेरणा एसपी अभिषेक झा ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान पूरे पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। उनके त्याग और समर्पण से सीख लेकर प्रत्येक पुलिसकर्मी को जनसेवा और लोगों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) नितेश सिंह, सीओ सदर अभिषेक दवाच्या और सीओ नगर योगेन्द्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)