1000 से ज्यादा लोगों ने सीखे साइबर सुरक्षा के गुर:एडीजी आगरा जोन की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दी जानकारी
मथुरा में मंगलवार को करीब 3 बजे पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह, डेम्पियर नगर में साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर वृहद जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने की। कार्यशाला में डीआईजी आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडे, एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार और जनपद न्यायाधीश विकास कुमार सहित पुलिस एवं न्यायिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश साइबर मुख्यालय से आमंत्रित प्रख्यात साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप और डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधी भी ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में लोगों को डिजिटल लेनदेन और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए। डॉ. रक्षित टंडन ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने,संदिग्ध फोन कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ पासवर्ड, ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। कार्यशाला में जनपद न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सभी थानों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा व्यापार मंडल और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य, समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े संभ्रांत नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम में पहुंचे। विशेषज्ञों ने स्कूली बच्चों को सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। बच्चों को साइबर अपराध के संभावित तरीकों और उनसे बचने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया। कार्यशाला में 1000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों ने आमजन से साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस,न्यायिक अधिकारियों,विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के लिए सक्षम बनाना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)