2027 के यूपी चुनाव में उतरेगी ‘जननीति भारत’:पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बनाई नई पार्टी से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर, वेबसाइट और ई-मेल जारी,
मिर्जापुर में पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में कदम रखते हुए नई पार्टी ‘जननीति भारत’ का गठन किया है। नवरात्र में पार्टी की घोषणा के साथ ही उन्होंने खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। अब संगठन के विस्तार और लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए संपर्क अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए मोबाइल नंबर, आधिकारिक वेबसाइट और ई-मेल आईडी जारी की गई है। पार्टी की ओर से जारी अपील के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल के नेतृत्व में ‘जननीति भारत’ से जुड़ने के इच्छुक लोग मोबाइल नंबर 90590 59193 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा janneetibharat.com वेबसाइट और divya@janneetibharat.com ई-मेल के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है। पार्टी का नारा है- ‘राजनीति नहीं, जननीति। जहां जनता केंद्र में है।’ पार्टी ने अपना संदेश ‘आपकी आवाज, आपकी भागीदारी, यही है जननीति’ रखा है। जनता की भागीदारी को आधार बनाने का दावा दिव्या मित्तल ने पार्टी गठन की घोषणा करते हुए कहा था कि देश में राजनीतिक दलों की कमी नहीं है, बल्कि आम लोगों की बात निर्णय लेने की प्रक्रिया तक नहीं पहुंच पाती। उनके मुताबिक, शासन और नीतियां बनाने में जनता की सीधी भागीदारी होनी चाहिए। पार्टी का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल चुनाव के समय लोगों तक पहुंचना नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल में सरकार और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। तीन प्रमुख सिद्धांतों पर काम करेगी पार्टी ‘जननीति भारत’ ने अपने राजनीतिक दृष्टिकोण में तीन प्रमुख सिद्धांत बताए हैं। पहला, नीति निर्माण में जनता को केंद्र में रखकर फैसलों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना। दूसरा, जाति या पहचान के बजाय जरूरत के आधार पर निर्णय लेने और समानता पर जोर देना। तीसरा, सरकारी कामकाज और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करना, ताकि लोग अपने सवालों के जवाब मांग सकें। 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं दिव्या मित्तल दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रही हैं। उत्तर प्रदेश में वह संत कबीर नगर, मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। मिर्जापुर में उनके कार्यकाल के दौरान हलिया क्षेत्र के लहुरियादह गांव तक पेयजल पहुंचाने का काम चर्चा में रहा था। अगस्त में इस्तीफे की घोषणा, सितंबर में स्वीकार दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। सितंबर में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 29 सितंबर को उन्होंने राजनीति में आने का इरादा सार्वजनिक किया और 15 अक्टूबर को नई पार्टी के नाम तथा चुनावी योजना की घोषणा की। 2027 के विधानसभा चुनाव पर नजर उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ‘जननीति भारत’ का गठन राज्य की राजनीति में नई पार्टी के प्रवेश के रूप में देखा जा रहा है। संगठन से लोगों को जोड़ने के लिए शुरू किया गया संपर्क अभियान पार्टी की शुरुआती गतिविधियों में शामिल है। अब पार्टी का घोषित लक्ष्य जनता की भागीदारी और जवाबदेही के मुद्दों को लेकर विधानसभा चुनाव में उतरना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)