आगरा में 8 इंच की पाइपलाइन फटी, सड़क धंसी:लाखों लीटर पानी बर्बाद, शाहगंज समेत कई इलाकों में पानी का संकट

Oct 14, 2026 - 11:49
0
आगरा में 8 इंच की पाइपलाइन फटी, सड़क धंसी:लाखों लीटर पानी बर्बाद, शाहगंज समेत कई इलाकों में पानी का संकट
आगरा के कोठी मीना बाजार तिराहे पर पक्षीघर के पास मंगलवार शाम सिकंदरा वाटरवर्क्स से शाहगंज जाने वाली 8 इंच की मुख्य पाइपलाइन फट गई। इससे सड़क पर लाखों लीटर गंगाजल बह गया और सीएम ग्रिड योजना के तहत खुदाई वाली जगह धंस गई। लाइन टूटने से सड़क पर पानी भर गया और शाम से रात तक जाम लगा रहा। मंगलवार रात मरम्मत शुरू होने के बावजूद बुधवार दोपहर तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। शाहगंज, जयपुर हाउस समेत आसपास की कॉलोनियों में हजारों घरों के लोग पानी के लिए परेशान रहे। तेज प्रेशर से फटी पाइपलाइन, सड़क पर भरा पानी जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा वाटरवर्क्स से शाहगंज स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन तक जाने वाली मुख्य लाइन में मंगलवार शाम लीकेज हुआ। जलापूर्ति के दौरान प्रेशर बढ़ने से पाइप फट गई। कुछ ही मिनटों में पक्षीघर से जूता मंडी तक सड़क पर पानी भर गया। खुदाई वाली जगह धंसी, रात तक लगा रहा जाम इस सड़क पर सीएम ग्रिड योजना के तहत डक्ट बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए ठेकेदार ने सड़क की खुदाई की थी। पाइपलाइन से निकले तेज बहाव के कारण खुदाई वाला हिस्सा धंस गया। पहले से ही एक लेन बैरिकेडिंग लगाकर बंद थी। ऐसे में शाम से रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और गाड़ियां रेंगकर निकलती रहीं। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। मुख्य वाल्व बंद कर पानी की सप्लाई रोकी गई। पाइपलाइन में जमा पानी निकालने के लिए डी-वाटरिंग शुरू कराई गई। मंगलवार रात से ही मरम्मत का काम चल रहा था, लेकिन बुधवार दोपहर तक लाइन ठीक नहीं हो पाई। टैंकर और सबमर्सिबल के सहारे लोग पाइपलाइन टूटने से शाहगंज, जयपुर हाउस, कोठी मीना बाजार, पक्षीघर और आसपास की कॉलोनियों में पानी की सप्लाई बंद रही। बुधवार सुबह घरों में नल नहीं चले तो लोगों को टैंकर और सबमर्सिबल के सहारे जरूरतें पूरी करनी पड़ीं। विभाग के मुताबिक, बुधवार शाम तक लाइन जोड़कर जलापूर्ति शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि, कुछ इलाकों में गुरुवार तक भी पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की आशंका जताई गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User