आगरा में कल शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे सीएम योगी:टाटा ग्राउंड पर जनसभा को करेंगे संबोधित, छोटेलाल वर्मा को श्रद्धाजंलि देने भी जाएंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा आ रहे हैं। वे लगभग 3 घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान स्नातक-शिक्षक MLC प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले ताज ईस्ट गेट पर निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण भी करेंगे। आगरा से जाने से पहले वे विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए फतेहाबाद स्थित उनके आवास पर भी जाएंगे। सीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। म्यूजियम पर सीएम के निरीक्षण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब विस्तार से पढ़िये… सीएम योगी के 16 अक्टूबर को आगरा में 3 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। सबसे पहले वे ताज ईस्ट गेट स्थित निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे। खेरिया हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उनका काफिला सबसे पहले यहीं पहुंचेंगा। इस म्यूजियम का काम 80 फीसद हो चुका है। 15 दिसंबर को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सीएम योगी इसका निरीक्षण करेंगे। प्रत्याशियों के समर्थन में करेंगे सभा म्यूजियम के निरीक्षण के बाद सीएम योगी फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड पर पहुंचेंगे। वे यहां स्नातक MLC प्रत्याशी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह और शिक्षक MLC प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के समर्थन में जनसभा करेंगे। इस जनसभा में आगरा ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग आएंगे। भाजपा पदाधिकारी इस जनसभा में लगभग 15 हजार की भीड़ होने का दावा कर रहे हैं। विधायक के परिजनों से मिलेंगे जनसभा को संबोधित करने के बाद सीएम योगी फतेहाबाद स्थित नगला देवहंस जाएंगे। वे यहां फतेहाबाद के विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने जाएंगे। परिजनों से मुलाकात करने के बाद वे खेरिया हवाई अड्डा के लिए रवाना होंगे। जहां से वे गाजियाबाद रवाना हो जाएंगे। डीएम ने देखीं व्यवस्थाएं सीएम के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए डीएम मनीष बंसल ने गुरुवार को निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी म्यूजियम पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। डीएम ने बुधवार को भी म्यूजियम का निरीक्षण किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)