आजमगढ़ में बस ने सिपाही को मारी टक्कर:दाहिना पैर हुआ फ्रैक्चर, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में परदेशी मोड़ के पास परिवहन निगम की बस ने बाइक सवार पुलिस जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान सुनील सरोज का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें पीजीआई चक्रपानपुर में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। जवान के भाई की तहरीर पर सोमवार देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। सुनील सरोज कंधरापुर थाना क्षेत्र के धरसन गांव के निवासी हैं। उनकी तैनाती अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी में है। 16 अक्टूबर को वह तीन दिन की छुट्टी लेकर अपनी नानी के घर ग्राम करउत जा रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर से आजमगढ़ की ओर जा रही परिवहन निगम की बस ने परदेशी मोड़ के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। पुलिस ने घायल जवान को सीएचसी जहानागंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चक्रपानपुर रेफर कर दिया। सुनील के भाई अनिल सरोज ने 19 अक्टूबर को जहानागंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)