आजमगढ़ में डिजिटल अरेस्ट कर 26.70 लाख की ठगी:लखनऊ से आरोपी को किया गया गिरफ्तार, अधिकारी बनकर देशद्रोह के मुकदमे में फंसाने की दी थी धमकी

Oct 14, 2026 - 17:49
0
आजमगढ़ में डिजिटल अरेस्ट कर 26.70 लाख की ठगी:लखनऊ से आरोपी को किया गया गिरफ्तार, अधिकारी बनकर देशद्रोह के मुकदमे में फंसाने की दी थी धमकी
आजमगढ़ जिले में साइबर अपराधियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गंभीरपुर निवासी एक व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का भय दिखाया और उसके खाते से 26.70 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में आजमगढ़ साइबर क्राइम पुलिस ने वांछित आरोपी उमान अली (24) को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 1,770 रुपये नकद बरामद किए हैं। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के निवासी राधेश्याम यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्तियों ने खुद को सीआईओ अधिकारी बताया। आरोपियों ने उनके बैंक खाते से गलत लेनदेन होने और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने की बात कहकर उन्हें डराया। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर उनसे 26 लाख 70 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आया नाम विवेचना के दौरान पुलिस ने इस मामले में पहले जहांगीर आलम निवासी लालकुर्ती, अमीनाबाद, लखनऊ को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उससे पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उमान अली पुत्र चांद अली निवासी तालाब गगनी शुक्ल, लखनऊ का नाम सामने आया। जांच में आरोपी की संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस टीम ने उसे लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को बनाते थे निशाना आरोपी अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को पुलिस और जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर फोन करते थे। इसके बाद बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन और गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर पीड़ितों को मानसिक दबाव में लेते थे। गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर उनके खातों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक सैमसंग जेड फोल्ड-4 मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और 1,770 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात और साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी पंकज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में मिली। इस कार्रवाई में साइबर सेल के प्रभारी राजकुमार सिंह भी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User