आजमगढ़ में महिला की मौत के बाद निजी क्लीनिक सील:स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, एक दिन पूर्व हुई थी महिला की मौत

Sep 27, 2026 - 17:46
0
आजमगढ़ में महिला की मौत के बाद निजी क्लीनिक सील:स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, एक दिन पूर्व हुई थी महिला की मौत
आजमगढ़ जिले के मार्टिनगंज क्षेत्र के महमूदपुर में उपचार के दौरान एक महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी क्लिनिक को सील कर दिया। विभाग ने क्लिनिक के पंजीकरण, संचालक की चिकित्सकीय योग्यता और उपचार से जुड़े अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। मार्टिनगंज क्षेत्र के महमूदपुर निवासी शकुंतला बुखार से पीड़ित थीं। परिजनों के अनुसार उपचार के लिए उन्हें महमूदपुर स्थित एक निजी क्लिनिक पर ले जाया गया था। क्लिनिक में उपचार के दौरान उन्हें इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जौनपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत होने की सूचना है। घटना के बाद परिजनों ने संबंधित क्लिनिक पहुंचकर विरोध भी किया। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. मोहनलाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने अधीक्षक मार्टिनगंज को मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मामले की जांच में जुटी स्वास्थ्य टीम निर्देश के बाद अधीक्षक मार्टिनगंज टीम के साथ महमूदपुर पहुंचे और संबंधित क्लिनिक/प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग अब प्रतिष्ठान के पंजीकरण, संचालक की चिकित्सकीय योग्यता, उपचार संबंधी अभिलेख और अन्य जरूरी बिंदुओं की जांच कर रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जनपद में बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों और अनधिकृत रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User