आशा वर्करों ने उठाई 26 हजार मानदेय की मांग:मऊ में सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, हड़ताल की चेतावनी
मऊ में आशा वर्करों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें नियमित मासिक भुगतान, 26 हजार रुपये निश्चित मानदेय, राज्य कर्मचारी का दर्जा और दुर्घटना बीमा सहित कई मांगें उठाई गईं। आशा वर्करों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो अर्बन आशा वर्कर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगी। ज्ञापन के माध्यम से आशा वर्करों ने मांग की कि उनका भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदर्भ में 26 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय देने की मांग भी रखी। इसके साथ ही प्रत्येक आशा वर्कर का 50 लाख रुपये का निःशुल्क दुर्घटना बीमा कराने और उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की गई। 30 दिन का अवकाश सुनिश्चित करने की मांग आशा वर्करों ने अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तरह मानदेय सहित छह महीने का प्रसूति अवकाश देने तथा वर्ष में कम से कम 30 दिन का अवकाश सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष का कार्य अनुभव पूरा करने वाली आशा वर्करों को एएनएम का निःशुल्क प्रशिक्षण देने और पदोन्नति का प्रावधान भी किया जाना चाहिए। ज्ञापन में जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए गर्भवती महिलाओं को लेकर आने वाली आशा वर्करों के ठहरने के लिए अलग और सुरक्षित कक्ष निर्धारित करने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा कार्य अवधि के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने पर आशा वर्कर के आश्रित को सरकारी नौकरी तथा नाबालिग बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। नियमित भुगतान और सामाजिक सुरक्षा का लाभ आशा वर्करों ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) का लाभ देने के साथ ही मोबाइल रिचार्ज का भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा वर्करों को नियमित भुगतान और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए। मांगों पर गंभीरता से विचार ज्ञापन के माध्यम से आशा वर्करों ने सरकार से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें पूरा करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में वे अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल का रास्ता अपनाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)