अखिलेश ने सड़क हादसे के पीड़ितों को दी आर्थिक मदद:सहारनपुर में विधायक आशु मलिक ने 3 परिवारों को 1-1 लाख रुपये के चेक सौंपे

Oct 04, 2026 - 12:21
0
अखिलेश ने सड़क हादसे के पीड़ितों को दी आर्थिक मदद:सहारनपुर में विधायक आशु मलिक ने 3 परिवारों को 1-1 लाख रुपये के चेक सौंपे
सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र में सड़क हादसों में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिवारों से शनिवार शाम सात बजे सपा विधायक आशु मलिक ने मुलाकात की। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से तीनों पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। विधायक सबसे पहले दनियालपुर नोजली गांव पहुंचे। यहां कुछ दिन पहले सड़क हादसे में वसीम और गुलजार की मौत हो गई थी। आशु मलिक ने दोनों मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने अखिलेश यादव की ओर से दोनों परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद विधायक दतौली मुगल गांव पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ठेकेदार राव अखलाक पुत्र लतीफ के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अखिलेश यादव की ओर से परिवार को एक लाख रुपये का चेक सौंपा और परिजनों को ढांढस बंधाया। बताया गया कि राव अखलाक ठेकेदारी का काम करते थे। कुछ दिन पहले काम खत्म करने के बाद वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक नीलगाय सामने आ गई। नीलगाय से बचने के प्रयास में उनका वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। विधायक आशु मलिक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सुख-दुःख में उनके साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है। दुख की घड़ी में आर्थिक सहायता भले ही परिवार के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह संकट के समय पार्टी की ओर से सहयोग का प्रयास है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष नवाब अंसारी, रामपुर विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार, रजत राणा, ग्राम प्रधान कॉलकी चौधरी रणधोल सिंह, जिंदा हसन, विधायक प्रतिनिधि राशिद अली समेत कई ग्राम प्रधान और स्थानीय लोग मौजूद रहे। दतौली मुगल में ग्राम प्रधान राव राशिद, मनसूर सहित अन्य ग्रामीणों ने भी परिजनों से मुलाकात की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User