अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र आज करेंगे बैठक:हिरासत में लिए गए साथी को छोड़ने की मांग, मारपीट के दो केस हैं दर्ज

Oct 04, 2026 - 06:53
0
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र आज करेंगे बैठक:हिरासत में लिए गए साथी को छोड़ने की मांग, मारपीट के दो केस हैं दर्ज
एएमयू में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार रात भी जारी रहा। देर शाम हिरासत में लिए गए चार युवकों में तीन को पुलिस ने छोड़ दिया, लेकिन आरिज को नहीं छोड़ा। उसे छोड़ने को लेकर रात 12 बजे के बाद तक प्रॉक्टर कार्यालय में बातचीत हुई। करीब 1 बजे तक कोई फैसला नहीं हुआ। इसके बाद छात्रों ने रातभर विश्वविद्यालय के गेट बंद रखने का फैसला किया। रविवार को छात्रों की सामूहिक बैठक होगी। इसमें आंदोलन को आगे बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल धरना जारी है और यासिर फहद की भूख हड़ताल भी चल रही है। दो मुकदमों में आरोपी है आरिज पुलिस के मुताबिक, आरिज पिछले सोमवार को हुई मारपीट के दो मुकदमों में आरोपी है। एक मुकदमा प्रॉक्टर कार्यालय और दूसरा फैसल त्यागी की ओर से दर्ज कराया गया है। इसी वजह से पुलिस ने उसे छोड़ने से इनकार किया। वहीं, एएमयू प्रशासन का कहना है कि हिरासत में लिया गया आरिज छात्र नहीं है। दूसरी ओर, उसके साथ आए छात्रों का दावा है कि वह एमएससी का छात्र है। पुलिस कार्रवाई के वीडियो वायरल शनिवार शाम की कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए। छात्रों का दावा है कि वीडियो उस समय के हैं, जब पुलिस प्रॉक्टर टीम के साथ एमएस हॉल पहुंची थी। एक वीडियो में पुलिसकर्मी हाथ में डंडा लिए छात्रों को पीछे करते दिख रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस के जरिए धरना खत्म कराने का दबाव बनाया गया। हालांकि वीडियो में पूरी घटना नहीं दिख रही है। इसलिए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरिज की हिरासत बना आंदोलन का नया मुद्दा मारपीट के बाद दो मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके बाद कक्षाएं बंद कराने के मामले में छात्रों पर एक और एफआईआर हुई। अब आरिज की हिरासत भी आंदोलन का बड़ा मुद्दा बन गई है। छात्रसंघ चुनाव की बहाली और यासिर फहद के निलंबन के साथ छात्र एफआईआर और पुलिस कार्रवाई का भी विरोध कर रहे हैं। 2018-19 के बाद नहीं हुए चुनाव एएमयू में 2018-19 के बाद छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। छात्रों की मुख्य मांग चुनाव कराने और छात्रसंघ बहाल करने की है। अब रविवार की बैठक में आंदोलन की अगली रणनीति तय होगी। फिलहाल धरना और यासिर फहद की भूख हड़ताल जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User