अमेठी में डीएम-एसपी ने देर रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा की:लंबित मामलों के निस्तारण और त्योहारों की तैयारियों पर जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
अमेठी में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार रात करीब 10 बजे कलेक्ट्रेट हॉल में जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी एसडीएम, सीओ, अभियोजन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लंबित मामलों के जल्द निस्तारण, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आगामी त्योहारों व चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय व्यवस्था तभी प्रभावी होगी, जब मामलों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और त्वरित सुनवाई को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने पुलिस, अभियोजन और राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। गंभीर अपराधों में सबूत और गवाह समय पर जुटाने के निर्देश डीएम ने गंभीर अपराधों के मामलों में साक्ष्य और गवाहों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि न्यायालय में मजबूत पैरवी हो सके और दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्गा पूजा और विसर्जन को लेकर तैयारियों के निर्देश आगामी दुर्गा पूजा, मूर्ति स्थापना और विसर्जन को लेकर डीएम ने सभी क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन मार्गों और घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, रोशनी, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीजे का संचालन सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कराने के भी निर्देश दिए गए। चुनाव से पहले अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई विधानसभा चुनाव को देखते हुए डीएम ने अपराधियों को चिन्हित कर गुंडा एक्ट समेत अन्य निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कानून व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कहा कि जांच की गुणवत्ता बेहतर होने से न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे। उन्होंने महिला अपराध और साइबर अपराधों को प्राथमिकता पर लेते हुए प्रभावी कार्रवाई और बेहतर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)