अमेठी में त्योहारों को लेकर DM-SP ने की पीस कमेटी:शांति और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, नई परंपरा शुरू न करने की अपील
अमेठी में नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक की। इसमें धर्मगुरुओं, पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। बैठक में डीएम ने विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं और त्योहारों के आयोजनों की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी त्योहार सौहार्द, भाईचारे और परंपरागत तरीके से मनाए जाएं, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पंडाल और जुलूस के लिए अनुमति जरूरी जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा पंडाल, मंच, शोभायात्रा और जुलूस निकालने से पहले प्रशासन की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर पंडाल नहीं लगाए जाएंगे। पंडालों में साफ-सफाई, डस्टबिन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। सड़कों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा डीएम ने लोक निर्माण विभाग को जुलूस मार्गों के गड्ढे भरने और विद्युत विभाग को ढीले तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पतालों में दवाओं, एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नई परंपरा शुरू करने पर रहेगी रोक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। उन्होंने अराजक तत्वों पर नजर रखने और सोशल मीडिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन के इंतजाम जरूरी एसपी ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और आग से बचाव के लिए पानी व रेत की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीजे की ऊंचाई और ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। त्योहारों के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्योति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु, पूजा समितियों के प्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिकों ने भी भाग लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)