अप्सरा नदी में मांस से भरी पांच बोरियां मिलीं:पीलीभीत में पुलिस ने सैंपल लेकर दफनवाया, जांच के लिए बनी टीम
पीलीभीत में अप्सरा नदी में गुरुवार शाम करीब 4 बजे पानी में मांस से भरी पांच बोरियां उतराती मिलीं। नदी किनारे भैंस चरा रहे ग्रामीणों की नजर इन बोरियों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस और स्थानीय हिंदू संगठनों को इसकी जानकारी दी। मामला जहानाबाद क्षेत्र में खमरिया पुल के पास का है। राष्ट्रीय योगी सेना के जिला उपाध्यक्ष सुधांशु पाठक, ब्लॉक उपाध्यक्ष रवि गिरी और विभाग मंत्री संजीव समेत कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी बीच, जहानाबाद कोतवाली प्रभारी जयशंकर सिंह और चौकी इंचार्ज शाही भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आ गए। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने नदी से बोरियों को बाहर निकलवाया। शुरुआती जांच में यह मांस किसी जानवर का होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पशुपालन विभाग की टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर मांस के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर मांस से भरी बोरियों को ई-रिक्शा में लदवाया और गांव के बाहर एक गहरा गड्ढा खुदवाकर सुरक्षित तरीके से दफना दिया। स्थानीय लोगों को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने रात के अंधेरे में मांस की बोरियों को नदी में फेंका होगा। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नताशा गोयल ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और मामले की जांच के लिए खास टीमें लगाई गई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)