अयोध्या में 184 हिंदू जोड़ों ने लिए सात फेरे:विधायक अभय सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान किया भेंट
शहनाइयों की गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की रस्मों के बीच सोमवार को गोसाईगंज में खुशियों का माहौल रहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत राम सुचित महाविद्यालय में 185 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। किसी ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया, तो किसी ने निकाह कबूल कर नई जिंदगी की शुरुआत की। आर्थिक तंगी के कारण शादी की चिंता में डूबे परिवारों के लिए यह आयोजन बड़ी राहत लेकर आया। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन आयोजित समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गोसाईगंज विधायक अभय सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। विवाह मंडप को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था। नवदंपतियों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री और योजना के तहत निर्धारित सहायता उपलब्ध कराई गई। मयाबाजार से सबसे ज्यादा 90 जोड़े पहुंचे समारोह में मयाबाजार विकासखंड के 90, तारुन के 92 और नगर पंचायत गोसाईगंज के तीन जोड़े शामिल हुए। इनमें एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम ने धार्मिक परंपराओं के सम्मान के साथ सामाजिक एकता का संदेश दिया। शादी के लिए कर्ज लेने की नौबत थी तारुन ब्लॉक के लाभार्थी अनुराग विश्वकर्मा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। घर के खर्च और भाई-बहनों की पढ़ाई में ही पैसे खर्च हो जाते थे। शादी के लिए कर्ज लेने की नौबत आ गई थी। योजना से मदद मिली तो बिना आर्थिक चिंता के विवाह हो सका। उनकी पत्नी रोहिणी विश्वकर्मा ने कहा कि सरकारी सहायता से उनके नए जीवन की शुरुआत हुई है। मुस्लिम लाभार्थी सकीना बानो ने बताया कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और परिवार में तीन बहनें हैं। शादी का खर्च जुटाना मुश्किल था। योजना से मिली मदद ने परिवार की चिंता कम कर दी। उनके पति मोहम्मद कयूम ने भी योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बताया। विधायक ने नवदंपतियों को दिया भरोसा विधायक अभय सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का सामान भेंट किया। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए योजनाएं चला रही है। जरूरत पड़ने पर नवदंपतियों की हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय ने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च में राहत देना है। समारोह में शामिल परिवारों के लिए यह दिन नई उम्मीदों और खुशियों की याद बन गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)