बाबूपुरवा में पड़ोसी ने मां-बेटी से किए अश्लील कमेंट, FIR:महिला का नहाते हुए बनाया वीडियो, वायरल करने की धमकी दी
बाबूपुरवा में एक शोहदे की हरकतों से मां-बेटी का जीना दुश्वार हो गया। आरोप है कि युवक आए दिन दोनों पर अश्लील टिप्पणियां करके छेड़खानी करता है। विरोध पर चोरी-छिपे खींची गई फोटो और बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। बाबूपुरवा निवासी महिला के मुताबिक मोहल्ले में रहने वाला आरोपी रंजीत यादव आए दिन उन्हें और उनकी बेटी को परेशान करता है। आरोप है कि उसने घर की छत और कमरे की ओर सीसीटीवी कैमरे का फोकस कर रखा है, इससे मां-बेटी मानसिक तनाव में हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि बीती 25 सितंबर को नहाने के बाद जब वह छत पर पहुंचीं तो आरोपी अपनी छत से उनका वीडियो बना रहा था। विरोध पर उसने गाली–गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। बाबूपुरवा इंस्पेक्टर नीरज ओझा ने बताया कि आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)