बांदा में भोला हत्याकांड का खुलासा:शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद, 16 CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
बांदा में कोतवाली देहात क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास दुकान में हुई भोला उर्फ दर्शन की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी गोविंद उर्फ गुड्डन पुत्र बृजमोहन निवासी महोखर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस मीडिया सेल ने मंगलवार शाम 6:10 बजे इसकी जानकारी दी। शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर की शाम भोला उर्फ दर्शन दुकान पर था। इसी दौरान गोविंद उसके साथ बैठकर शराब पी रहा था। आरोप है कि नशे की हालत में भोला ने गोविंद के साथ गाली-गलौज की। इस पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में गोविंद कुल्हाड़ी लेकर आया और भोला के गले पर वार कर दिया। हत्या के बाद वह मौके से भाग गया। पूछताछ में आरोपी ने मामूली विवाद के अलावा हत्या की कोई दूसरी वजह नहीं बताई। 16 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली मृतक के चाचा संजीव कुमार ने 9 अक्टूबर को कोतवाली देहात पुलिस को सूचना दी थी कि उनके भतीजे भोला उर्फ दर्शन पुत्र जगनन्दन की अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए। करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगे 16 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का समय के अनुसार विश्लेषण किया गया। इससे पुलिस को हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का इनाम पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम की भूमिका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)