बदायूं स्कूल में चाकूबाजी मामले में चार्जशीट दाखिल:तीन छात्र हुए थे घायल, कमीज फाड़ने के खेल से शुरू हुआ विवाद

Sep 25, 2026 - 10:10
0
बदायूं स्कूल में चाकूबाजी मामले में चार्जशीट दाखिल:तीन छात्र हुए थे घायल, कमीज फाड़ने के खेल से शुरू हुआ विवाद
बदायूं के द्रोपदी देवी सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में चाकूबाजी हुई। इस घटना में कक्षा 10 के छात्र आर्यन सोलंकी, उसके छोटे भाई सूर्य सोलंकी और सहपाठी भविष्य माथुर घायल हो गए। पुलिस ने अब इस मामले में जांच पूरी कर आरोपी नाबालिग छात्रों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह घटना 31 जुलाई को हुई थी। उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरायमय खेड़ा गांव के रहने वाले आर्यन सोलंकी कक्षा 10 में पढ़ते हैं। स्कूल में आर्यन और दूसरे गुट के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आर्यन पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किया गया। आर्यन को बचाने के लिए उसका छोटा भाई सूर्य सोलंकी (कक्षा 9) और सहपाठी भविष्य माथुर बीच में आए। हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट की। इस हमले में तीनों छात्र घायल हो गए। स्कूल परिसर में अचानक हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्रों को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कई छात्रों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े सबूत और छात्रों के बयान लिए। पुलिस के अनुसार, छात्रों के बीच ड्रेस की कमीज फाड़ने के खेल को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में हमले में बदल गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपी नाबालिग छात्रों को बरेली के किशोर सुधार गृह भेज दिया गया था। सिविल लाइंस एसएचओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है। सबूतों के आधार पर आरोपी नाबालिग छात्रों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User