भाजपा पर फर्जी वोट बनवाने का आरोप:सहारनपुर में सपा प्रत्याशी प्रेमेंद्र भाटी बोले- लोकतंत्र कमजोर करने की साजिश
सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक विधान परिषद सदस्य के प्रत्याशी प्रेमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से स्नातक मतदाता बनवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एमएलसी और प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम-1960 के नियम 31 के विरुद्ध जाकर बल्क में फॉर्म जमा कराए। निर्वाचन आयोग से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाए। सपा ने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की है। प्रेमेंद्र भाटी शनिवार शाम को सपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए 29 सितंबर को नामांकन दाखिल हुए थे, जबकि मतदाता सूची 14 अक्टूबर को उपलब्ध कराई गई। उनका आरोप है कि निजी कॉलेजों, संस्थानों और सरकारी व निजी विश्वविद्यालयों से डाटा लेकर सत्ता और पद का दुरुपयोग करते हुए गलत तरीके से मतदाता बनवाए गए।उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि सहारनपुर जिले की मतदाता सूची में गड़बड़ी है।आरोप है कि एक ब्लॉक के मतदाताओं के नाम दूसरे ब्लॉक में दर्ज किए गए हैं।इससे कई मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित रह सकते हैं।उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक उमर अली खान ने भाजपा सरकार पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि जनता जागरूक है और विधान परिषद चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी। प्रेमेंद्र भाटी ने कहा कि लोकतंत्र जनता के मतों पर टिका है। यदि मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया में हेराफेरी होती है तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव में किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर विरोध किया जाएगा।साथ ही उम्मीद जताई कि निर्वाचन आयोग निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान व मतगणना संपन्न कराएगा। उन्होंने दावा किया कि स्नातक मतदाताओं का समर्थन उन्हें मिल रहा है और 23 अक्टूबर को मतदाता उनके पक्ष में मतदान करेंगे। वार्ता में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, मजाहिर राणा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)