भदोही-कालीन एक्सपो में 3.25 लाख का सिल्क कालीन बना आकर्षण:30 बुनकरों ने 5 महीने 20 दिन में तैयार किया ‘आगरा’ डिजाइन, अमेरिका में 4680 डॉलर की डील
भदोही में कारपेट एक्सपो मार्ट में चल रहे इंडिया कारपेट फेयर में देशभर के कालीन निर्माता अपने खास डिजाइनों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में भदोही के साथ जयपुर की जेपी इंटरनेशनल ने भी हिस्सा लिया है। कंपनी ने 12×15 फीट का ‘आगरा’ डिजाइन का सिल्क कालीन प्रदर्शित किया है। करीब 25 अलग-अलग रंगों के सिल्क धागों से तैयार यह कालीन मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जेपी इंटरनेशनल के सेल्स मैनेजर मोहित विजय ने बताया कि कालीन में मुख्य रूप से भारतीय और चाइनीज सिल्क धागों का इस्तेमाल किया गया है। इसे तैयार करने में करीब 5 महीने 20 दिन लगे। इसमें लगभग 20 दिन सिर्फ वॉशिंग में लगे। कालीन की बुनाई में 30 बुनकरों ने काम किया। उन्होंने बताया कि इसे तैयार करने की लागत करीब 3.25 लाख रुपए आई है। अमेरिकी बाजार के लिए इसकी डील करीब 4680 अमेरिकी डॉलर में होती है। इस डिजाइन और सिल्क से तैयार कालीन की रूस और अमेरिका में खास मांग है। भदोही की शकुंतला कारपेट का पर्शियन ट्रक डिजाइन मेले में भदोही की शकुंतला कारपेट ने भी अपने उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। कंपनी ने 9×12 फीट का पर्शियन ट्रक डिजाइन का कालीन लगाया है। कंपनी के मालिक छविनाथ प्रजापति और सेल्स मैनेजर अश्वनी प्रजापति ने बताया कि इसे तैयार करने में करीब दो महीने लगते हैं और इसकी कीमत लगभग 36 हजार रुपए है। अमेरिका में 600 डॉलर में होती है डील कंपनी के मुताबिक, अमेरिकी बाजार में यह कालीन करीब 600 डॉलर में डील होता है। इसमें ट्रांसपोर्ट का खर्च शामिल नहीं है। कालीन की अमेरिका और जर्मनी में सबसे ज्यादा मांग है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले साल भी उन्होंने कारपेट फेयर में हिस्सा लिया था। वहां खरीदारों की ओर से अच्छा रिस्पांस मिला था। इसके बाद से कई विदेशी खरीदारों के साथ लगातार कारोबार हो रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)