BHU अस्पताल के छोटी गेट पर मारपीट:सुरक्षाकर्मी का मोबाइल टूटा, युवक को सड़क पर गिराकर मारते दिखे
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल के छोटे गेट के पास देर रात छात्रों के एक गुट और मरीज के तीमारदारों के बीच मारपीट हो गई। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे से इलाके में अफरातफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अस्पताल के सुरक्षाकर्मी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इसमें उसका मोबाइल टूट गया और हाथ में चोट आई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से भाग निकले। अस्पताल के अंदर तक पहुंची मारपीट, सुरक्षाकर्मी से छीना डंडा मारपीट के दौरान युवक अस्पताल के छोटे गेट के अंदर तक पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी का डंडा छीन लिया गया। सुरक्षाकर्मी ने विवाद शांत कराने की कोशिश की तो युवकों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। इसमें उसका मोबाइल टूट गया और हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद सुरक्षाकर्मी ने अपने अधिकारियों से शिकायत की। अस्पताल के छोटे गेट के आसपास देर रात तक चाय और दवा की दुकानें खुली रहती हैं। मारपीट शुरू होते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ता देख कई दुकानदार दुकानें बंद कर वहां से हट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल युवक फरार हो गए। CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस घटना के बाद पुलिस CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। विश्वविद्यालय स्तर पर भी जांच की जा रही है कि मारपीट करने वाले युवक BHU के छात्र हैं या बाहरी। घटना में एक युवक के भी चोटिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसके साथ मौजूद लोगों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि अस्पताल के आसपास नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। यहां देर रात तक मरीजों और उनके तीमारदारों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में मारपीट की घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)