BHU की दो महिला प्रोफेसर के साथ धोखाधड़ी:ठगों ने फ्लैट दिलाने के नाम पर 30 लाख लिया, दबाव बनाने पर दिया चेक; 2 बार हुआ बाउंस

Oct 02, 2026 - 10:40
0
BHU की दो महिला प्रोफेसर के साथ धोखाधड़ी:ठगों ने फ्लैट दिलाने के नाम पर 30 लाख लिया, दबाव बनाने पर दिया चेक; 2 बार हुआ बाउंस
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की दो महिला प्रोफेसरों से फ्लैट बुकिंग के नाम पर 30 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सुंदरपुर के बृज एन्क्लेव में फ्लैट बुक कराने के बाद भी कब्जा नहीं मिला। पुलिस ने रकम वापस करने के लिए दिए गए चेक बाउंस होने पर बिल्डर अविनाश उपाध्याय, उसके भाई कालिंदी उपाध्याय, ऋषिकेश उपाध्याय और मां के खिलाफ FIR दर्ज की है। इस मामले में BHU की शिक्षिका डॉ. शबनम ने भी 23 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मई 2021 में कराया था फ्लैट बुक डॉ. रीता सिंह की शिकायत के मुताबिक, मई 2021 में उन्होंने और डॉ. शबनम ने सुंदरपुर निवासी बिल्डर अविनाश उपाध्याय के प्रोजेक्ट में एक-एक फ्लैट बुक कराया था। दोनों ने फ्लैट के लिए 15-15 लाख रुपए दिए थे। बिल्डर ने जून 2022 तक फ्लैट बनाकर कब्जा देने का वादा किया था। एग्रीमेंट में यह भी तय किया गया था कि निर्धारित समय पर फ्लैट नहीं मिलने की स्थिति में पूरी रकम ब्याज समेत वापस की जाएगी। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी दोनों को फ्लैट नहीं दिए गए। दूसरे तल पर बुक फ्लैट अब तक अधूरे शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों प्रोफेसरों ने बिल्डिंग के दूसरे तल पर फ्लैट बुक कराए थे। लेकिन इनका निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब दो वर्षों से बिल्डर का फोन भी बंद है। काफी दबाव बनाने के बाद बिल्डर ने दोनों को 15-15 लाख रुपए के चेक दिए, लेकिन ये चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। इसके करीब एक महीने बाद दोबारा चेक दिए गए, लेकिन वे भी बाउंस हो गए। मामले में चितईपुर पुलिस ने बिल्डर समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User