बीजेपी जिला कोषाध्यक्ष की पत्नी और इंजीनियर बेटे की मौत:मां को बचाने में बेटे ने भी गंवाई जान, DNA जांच और परिजनों की पहचान के बाद हुई पुष्टि
नोएडा में राज कल्पना ट्रेवल्स की बस में लगी आग में महोबा के चरखारी निवासी भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता और उनके इंजीनियर बेटे शशांक गुप्ता की मौत हो गई। आग लगने के दौरान शशांक अपनी मां को बचाने की कोशिश करते रहे। परिजनों के मुताबिक, पैरों में दर्द के कारण सुनीता ठीक से चल नहीं पा रही थीं। मां को अकेला छोड़कर बाहर निकलने के बजाय शशांक उनके साथ रहे। दोनों की मौत की पुष्टि DNA जांच और परिजनों की पहचान के बाद हुई। सुनीता गुप्ता करीब एक महीने से गुरुग्राम में अपने बेटे शशांक के पास थीं। वह घुटनों की बीमारी का इलाज करा रही थीं। नीरज गुप्ता के भाई धीरू गुप्ता को हार्ट अटैक आने के बाद शशांक अपनी मां को लेकर राज कल्पना ट्रेवल्स की बस से महोबा लौट रहे थे। दोनों बस की पिछली सीट पर बैठे थे। आग और धुआं फैलते ही मची भगदड़ परिजनों के मुताबिक, रास्ते में अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते बस में धुआं भरने लगा और यात्रियों में भगदड़ मच गई। शशांक की मां पैरों में दर्द के कारण आसानी से बाहर नहीं निकल पा रही थीं। परिजनों का कहना है कि शशांक ने मां को अकेला छोड़कर बाहर निकलने के बजाय उन्हें बचाने की कोशिश की। मां को छोड़कर नहीं निकले शशांक परिजनों के अनुसार, चालक, परिचालक और सुनीता ने शशांक से बाहर निकलने के लिए कहा था। इसके बावजूद वह मां को बचाने की कोशिश करते रहे। ज्यादा धुआं भरने के कारण दोनों बेहोश हो गए और आग की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने चालक-परिचालक पर लगाया लापरवाही का आरोप परिजनों ने बस चालक और परिचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यात्रियों ने बस में जलने की गंध आने की शिकायत की थी, लेकिन बस को समय रहते नहीं रोका गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। DNA जांच के बाद हुई शवों की पहचान आग इतनी भीषण थी कि शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया था। DNA जांच और परिजनों की पहचान के बाद सुनीता और शशांक के शवों की पुष्टि हुई। घटना की जानकारी मिलते ही महोबा और चरखारी में शोक की लहर दौड़ गई। बीजेपी नेताओं ने घर पहुंचकर जताया शोक सुनीता और शशांक की मौत की खबर के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का नीरज गुप्ता के आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल समेत कई नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मां को बचाने की कोशिश में शशांक की मौत की घटना से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)