बिलासपुर में दिन-दहाड़े 3 गोलियां मारकर युवक की हत्या:फैली सनसनी, एसपी ने किया मौका-मुआयना, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
रामपुर में उत्तराखंड से सटे दिबदिबा गांव में बाइक सवार तीन लोगों ने एक युवक को तीन गोलियां मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। दिन-दहाड़े हुए इस गोलीकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों द्वारा युवक को मृत घोषित करने के बाद पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसौदिया ने भी मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टिया घटना का कारण पुरानी रंजिश समझा जा रहा है। अब जानिए पूरा मामला… दिबदिबा गांव में यह घटना गुरुवार सुबह 11 बजे सरकारी शराब की दुकान के सामने हुई। करीब 30 वर्षीय मृतक संदीप चौहान उर्फ सनी इसी गांव के सांगा फार्म के रहने वाले थे। पत्नी शिवानी ने बताया कि उनके 6 माह के बेटे आदित्य की तबीयत खराब थी और वह अपने पति संदीप के साथ उसकी दवाई लेकर लौट रही थीं। शराब की दुकान के पास पति के दोस्त ब्रजेश मिल गए और वह उनसे बात करने लगे। पति ने उन्हें बेटे के साथ घर भेज दिया। इसके बाद बाइक सवार तीन हमलावर मौके पर पहुंचे और उनके पति को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। एक गोली पीठ में और दो गोलियां सिर के ऊपर लगीं। गोलियां लगते ही संदीप जमीन पर गिर पड़े और दम तोड़ दिया। हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह व ईसानगर चौकी प्रभारी विष्णु कुमार शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस शव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पत्नी शिवानी के अनुसार, उनके पति संदीप दिबदिबा में ही स्थित एक राइस मिल में वारदाना काटने-सिलने का काम करते थे। बीते दिनों लड़ाई-झगड़े के एक मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था और 8-10 दिन पहले ही वह जमानत पर छूटकर आए थे। उनके परिवार में अब उनके साथ उनका 6 माह का बेटा आदित्य व तीन साल की बेटी आराध्या बचे हैं। ससुर तेजपाल, सास अनीता सहित परिवार के अन्य सदस्य बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज गांव में रहते हैं। वहीं उनके पति की जमीन भी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुट गई है। मृतक पक्ष की तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)