बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद लिए उपचुनाव में आज मतदान:सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोटिंग, भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में

Oct 13, 2026 - 07:15
0
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद लिए उपचुनाव में आज मतदान:सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोटिंग, भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में
कानपुर में आज, मंगलवार सुबह 7 बजे से बिठूर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होगा। डॉ. निर्मला सिंह नगर पंचायत की लगातार पांच बार अध्यक्ष रह चुकी थीं। जून 2026 में उनका निधन हो गया था। नगर पंचायत अध्यक्ष का 13 महीने का कार्यकाल शेष है, जिसके लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। उपचुनाव में भाजपा ने डॉ. निर्मला सिंह के बड़े बेटे राणा समरेन्द्र सिंह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने दूसरी बार प्रदीप द्विवेदी को टिकट दिया है। वहीं, सपा की लोहिया वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष और बिठूर के ध्रुव नगर से सभासद आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। उनका चुनाव चिह्न गदा है। भाजपा प्रत्याशी राणा समरेन्द्र सिंह, बिठूर से विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई हैं। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के भतीजे हैं। ऐसे में बिठूर नगर पंचायत के उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले में आमने-सामने हैं। बिठूर नगर पंचायत में 10 वार्ड बिठूर नगर पंचायत में कुल 10 वार्ड हैं। इनमें ब्रह्मनगर, सूबेदार नगर, पेशवा नगर, महर्षि वाल्मीकि नगर, तात्या टोपे नगर, ध्रुव नगर, लक्ष्मीबाई नगर, मैनावती नगर और लव-कुश नगर शामिल हैं। बिठूर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में करीब 10 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए जिला प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसके लिए पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आज मतदान, 15 को होगी मतगणना बिठूर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू हुई थी। 24 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिसमें कुल सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जबकि 28 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर को बिठूर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User