BJP का दावा- राहुल गांधी वियतनाम गए:फ्लाइट का वीडियो पोस्ट कर लिखा- झूठ फैलाते-फैलाते थक गए; कांग्रेस बोली- दूसरे लोग भी विदेश जाते हैं
देशभर में SIR को लेकर प्रदर्शन के बीच भाजपा ने दावा किया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वियतनाम गए हैं। पार्टी ने फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। वीडियो में फ्लाइट के अंदर एक व्यक्ति दिखाई देता है, जिसे पार्टी ने राहुल गांधी बताया है। भाजपा ने कैप्शन में लिखा- झूठ फैलाते-फैलाते थक गया। कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा। हालांकि, फ्लाइट में बैठा व्यक्ति राहुल गांधी ही है और विमान वियतनाम जा रहा है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, कांग्रेस ने BJP पर पलटवार किया। पार्टी ने कहा- राहुल के विदेश जाने को मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे लोग भी विदेश जाते हैं। BJP बोली- राजनीतिक काम का दबाव नहीं सह पाते राहुल BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राहुल पहले भी ऐसा पहले भी करते रहे हैं। बिहार में यात्रा के बाद भी राहुल गांधी वियतनाम यात्रा पर गए थे। संभव है कि इस बार भी वहीं गए हों। वहीं BJP नेता शाजिया इल्मी ने कहा- राहुल राजनीतिक काम का दबाव नहीं सह पाते और कुछ समय बाद छुट्टी पर चले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दो हफ्ते भी काम नहीं कर पाए और फिर विदेश चले गए। कांग्रेस ने कहा- छात्रों से बातचीत करने जाते हैं राहुल कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने BJP के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी कहां जाते हैं और कब यात्रा करते हैं, इसे मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे लोग भी विदेश जाते हैं। संदीप ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का बचाव करते हुए कहा कि वे येल यूनिवर्सिटी और लंदन में छात्रों से बातचीत करते हैं। वहां बुद्धिजीवियों से मिलते हैं और प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं। संदीप दीक्षित ने पीएम नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान विदेश न जाने की परंपरा प्रधानमंत्री ने भी तोड़ी है, लेकिन उस समय सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। SIR को लेकर जारी है राजनीतिक टकराव राहुल गांधी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर चुके हैं। वहीं, BJP और चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों को खारिज किया है। BJP ने राहुल गांधी पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर पहले भी उठे सवाल 1. फरवरी-अप्रैल 2015: बजट सत्र के दौरान 56 दिन की छुट्टी राहुल गांधी फरवरी 2015 में संसद के बजट सत्र की शुरुआत के समय छुट्टी पर चले गए थे। वे 16 अप्रैल को करीब 56 दिन बाद लौटे। उस समय कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने कहा था कि वे पार्टी की रणनीति पर विचार करने के लिए समय ले रहे हैं। 2. 2018: बजट सत्र के दौरान सिंगापुर-मलेशिया दौरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 में संसद में आरोप लगाया कि 2018 के बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी सिंगापुर और मलेशिया में थे। शाह ने कहा- राहुल ने 2014, 2015, 2017 और 2018 में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने बजट या किसी भी विधेयक पर हुई बहस में भी भाषण नहीं दिया। 3. दिसंबर 2024: मनमोहन सिंह के निधन के बाद वियतनाम गए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 को निधन हुआ था। इसके बाद राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर BJP ने सवाल उठाए। BJP नेता अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि देश शोक में था और राहुल गांधी वियतनाम चले गए। ----------------------- यह खबर भी पढ़ें… भागवत बोले- भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसे हालात बनाने की कोशिश:सत्ता बदलकर अपने पिट्ठू बैठाना चाहते हैं, कुछ नेता देश तोड़ने में मदद कर रहे RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में भी बांग्लादेश और फ्रांस जैसे हालात बनाने की कोशिश हो रही है। दुनिया में ऐसी शक्तियां हैं, जो भारत को दबाना चाहती हैं। उनका मकसद सत्ता परिवर्तन कर हालात सुधारना नहीं, बल्कि अपने पिट्ठू बैठाना है। भागवत मंगलवार को नागपुर संघ मुख्यालय में आयोजित विजयादशमी उत्सव में बोल रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)