BJP-UP सह-प्रभारी ने 8 घंटे की बैठकें:कानपुर-बुंदेलखंड पदाधिकारियों के साथ हारी हुई और कमजोर सीटों पर जीतनें की रणनीति बनाई
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने सोमवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में दिनभर चली बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। क्षेत्र के सभी 17 जिलों के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार बैठकें हुईं। इनमें बूथ प्रबंधन मजबूत करने, हारी हुई सीटों पर विशेष ध्यान देने और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हारी सीटों पर बूथ स्तर तक पहुंचने की रणनीति जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, वहां संगठन को विशेष रणनीति के साथ काम करना होगा। पदाधिकारी नियमित प्रवास कार्यक्रम बनाकर बूथों तक पहुंचें और कार्यकर्ताओं के साथ आमजन से भी सीधा संवाद करें। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय रखने, संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और सहभागिता से ही सुनिश्चित होती है। पूर्व जिला अध्यक्षों के अनुभव का लाभ लेने पर जोर कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण और कानपुर देहात के पूर्व जिला अध्यक्षों एवं पूर्व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में पटेल ने कहा कि अनुभवी कार्यकर्ताओं के सुझाव और मार्गदर्शन से वर्तमान संगठन को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। पूर्व पदाधिकारी अपनी संगठनात्मक कार्यशैली और अनुभवों के जरिए वर्तमान जिला टीम का सहयोग करें, ताकि पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके। जनप्रतिनिधियों से अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करने को कहा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में पटेल ने सभी को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए जरूरी पहल करें। लोकसभा चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को हार मिली थी, वहां संगठन की स्थिति की समीक्षा करने, कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की भी बात कही। स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव की तैयारियों पर चर्चा बैठक में प्रयागराज-झांसी सहित संबंधित स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पटेल ने पदाधिकारियों से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने, व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से सीधा संवाद और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। विपक्ष पर भी साधा निशाना बैठक के दौरान पटेल ने विपक्षी इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव विदेशी शक्तियों के इशारे पर योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं और देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को कहा। ये पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद बैठकों की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की। पहली बैठक का संचालन आनंद सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी, प्रदेश मंत्री किरन लोधी, आदित्य त्रिवेदी, शिव सिंह भारती, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, सांसद रमेश अवस्थी, मंत्री राकेश सचान और अजीत पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, सलिल विश्नोई, सुरेंद्र मैथानी, अविनाश चौहान, राहुल बच्चा सोनकर सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व अध्यक्ष सुनील बजाज, दीपू पांडेय, डॉ. वीना आर्या, राकेश तिवारी, राहुल अग्निहोत्री, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह और आनंद राजपाल समेत अन्य कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए। बूथ प्रबंधन मजबूत करने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों का उपयोग करने और आगामी चुनावों के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)