बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या:गाय-बांधने को कहने पर दबंगों ने हमला किया, बेटे का आरोप- पुलिस ने मरने के बाद दर्ज की FIR

Oct 21, 2026 - 15:10
0
बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या:गाय-बांधने को कहने पर दबंगों ने हमला किया, बेटे का आरोप- पुलिस ने मरने के बाद दर्ज की FIR
शाहजहांपुर में गाय बांधने के विवाद में दंबगों ने बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना 16 अक्टूबर की है। 4 दिन से महिला का इलाज चल रहा था और मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। आरोप है कि पुलिस ने महिला की मौत के बाद बुधवार को 3 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। बेटे ने आरोप लगाया कि गंभीर हालत होने के बावजूद घायल मां को अस्पताल में भर्ती तक नहीं किया गया और वह रोज पट्टी कराने अस्पताल जाती थीं। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने थाने में कार्रवाई की गुहार लगाई, तो पुलिस ने उन पर समझौते का दबाव बनाया। थाना परशुरामपुरी क्षेत्र के पुरैना गांव की रहने वाली रामपति (60) अपने बेटे हृदय नारायण के साथ पुराने सरकारी अस्पताल की जगह पर तिरपाल डालकर रह रही थीं। वहीं सब्जी की छोटी सी दुकान चलाती थीं। 16 अक्टूबर को रामपति ने पास के रहने वाले वीरेंद्र सिंह से गाय बांधने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर वीरेंद्र ने अपने बेटों नीलू सिंह और सौरभ सिंह के साथ मिलकर रामपति और उनके बेटे पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बेटे हृदय नारायण ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वह मां को लेकर परशुरामपुरी की नगरिया सीएचसी गए, जहां डॉक्टर ने हालत सामान्य बताते हुए उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया। उसके बाद से मंगलवार तक मां रोज अस्पताल जाकर पट्टी बंधवाती थीं। मंगलवार रात रामपति की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की; न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपियों को थाने लाया गया। रामपति की मौत के बाद बुधवार को पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। हृदय नारायण का आरोप है कि घायल अवस्था में जब मां थाने में कार्रवाई की मांग करने जाती थीं, तो पुलिस उल्टा समझौता करने का दबाव बनाती थी। बेटे ने कहा, "हम लोग जाटव हैं और आरोपी ऊंची जाति के हैं।" उसने यह भी बताया कि पहले भी कई बार आरोपियों से गाय बांधने के लिए कहा गया था। गाय सब्जियां खा जाती हैं, इसलिए उन्हें बांधकर रखने को कहा था, लेकिन वे दबंगई दिखाते थे। सीओ परशुरामपुरी दीपक सिंह ने बताया कि एक महिला की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User