बुलंदशहर में युवती से छेड़छाड़ का आरोप:जान बचाने रजवाहे में कूदी, बाइक सवार दो युवकों पर अगवा करने का केस
बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार रात 10 बजे एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान की रहने वाली एक युवती ने बाइक सवार दो अज्ञात युवकों पर अगवा कर छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों के चंगुल से अपनी आबरू और जान बचाने के लिए उसे नगला चीती गांव के पास बने रजवाहे (नहर की शाखा) में कूदना पड़ा। ग्रामीणों ने रजवाहे से सुरक्षित बाहर निकाला घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। नगला चीती गांव के पास स्थित रजवाहे में युवती के कूदने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को पानी से सकुशल बाहर निकाला। बदहवास हालत में बाहर निकली युवती ने ग्रामीणों को आपबीती सुनाते हुए दो बाइक सवार युवकों पर अगवा करने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही खुर्जा देहात थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को सांत्वना देकर उससे घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों की नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस हर पहलू से कर रही है मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार अत्री ने बताया कि पीड़िता मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है और वर्तमान में बुलंदशहर क्षेत्र में रह रही है। युवती बुलंदशहर से खुर्जा कैसे पहुंची और पूरी घटना कैसे घटित हुई, पुलिस इस रूट के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ ने आगे बताया कि युवती द्वारा अपहरण और छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस आरोपों की सत्यता, घटना के पीछे के कारणों और सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्षता से जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)