चंदौली के मझवार स्टेशन पर ट्रेन रोकने की मांग:AAP कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, सुविधाओं के विस्तार पर जोर
चंदौली में आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को मझवार रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन विभिन्न रेल समस्याओं और मांगों को लेकर किया गया। कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई और मझवार स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की। प्रदर्शन के बाद रेलवे के कमर्शियल इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई। जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मझवार रेलवे स्टेशन हजारों लोगों के आने-जाने का मुख्य केंद्र है। इसके बावजूद यहां पर्याप्त रेल सुविधाएं नहीं हैं। प्रमुख ट्रेनों के न रुकने से यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बहुत दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित करना चाहिए। अशोक कुमार सिंह ने चकिया क्षेत्र में रेलवे के विस्तार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इलाके के विकास और लोगों की सुविधा के लिए रेल नेटवर्क का विस्तार बहुत जरूरी है। जिला महासचिव संदीप सिंह ने कहा कि मझवार स्टेशन की समस्याओं को लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर किया जाए और प्रमुख ट्रेनों के रुकने की व्यवस्था हो, ताकि ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के लोगों को आने-जाने में आसानी हो। संदीप सिंह ने यह भी कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इस दौरान मुन्नू गुरु, वीरेंद्र यादव, रजनी, धरमु वनवासी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)