चोरी में 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली:शामली में 200 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने के बाद भी नहीं मिला सुराग
शामली शहर के नाला पटरी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान में हुई करोड़ों की चोरी ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। बदमाशों ने दुकान की छत काटकर वारदात को अंजाम दिया और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। घटना के करीब 30 घंटे बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीमें आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं, लेकिन बदमाशों तक पहुंचने में कामयाबी नहीं मिली। शहर के बीचोंबीच हुई वारदात से व्यापारियों में नाराजगी के साथ असुरक्षा की भावना भी बढ़ रही है। छत काटकर घुसे, लाखों के आभूषण समेटे मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा और हर्ष वर्मा की नाला पटरी पर ज्वेलर्स की दुकान है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बदमाश दुकान की छत काटकर अंदर घुसे। इसके बाद वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों को पड़ोसियों ने बताया कि रात में दुकान की लाइट जल रही थी और अंदर से रोशनी बाहर आ रही थी। शटर खोलकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चोरी का पता चला। दुकान संचालकों के मुताबिक, करीब 40 से 45 किलो चांदी और 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब हैं। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। 200 कैमरों की फुटेज में तलाश रही पुलिस वारदात के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की टीमें बाजार व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही हैं। अब तक 200 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। पुलिस बदमाशों की आवाजाही, संभावित रास्तों और घटना से जुड़े दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। आसपास के ज्वेलर्स से भी पूछताछ की जा रही है। बाजार में सुरक्षा को लेकर सवाल
शहर के प्रमुख बाजार में दुकान की छत काटकर इतनी बड़ी चोरी होने से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाती है। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द बदमाशों की पहचान कर घटना का खुलासा करेगी। व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त प्रभावी करने की जरूरत जताई है। पुलिस का दावा, जुटाए जा रहे साक्ष्य
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)