CM ग्रिड की 5 सड़कें अधूरी, अधिकारियों को लगाई फटकार:जाम-धूल से परेशान जनता, विशेष सचिव बोले- 30 नवंबर तक पूरा करें काम
सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही शहर की 5 प्रमुख सड़कों की धीमी रफ्तार पर शासन ने नाराजगी जताई है। सर्किट हाउस में गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में नगर विकास विभाग के विशेष सचिव महेंद्र बहादुर सिंह ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इन सड़कों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा पहले ही पूरी हो चुकी है, लेकिन काम अब तक अधूरा है। निर्माण कार्यों के चलते कई इलाकों में जाम, धूल और यातायात की समस्या से लोगों को परेशानी हो रही है। इस बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और सलिल विश्नोई के साथ यूरिडा के अधिकारी मौजूद रहे। सड़क बनाने की धीमी रफ्तार पर जताई नराजगी सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सड़कें समय पर नहीं बनीं तो जनता की नाराजगी जनप्रतिनिधियों को झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जहां सड़क का निर्माण पूरा हो रहा है, वहां फुटपाथ का काम भी साथ-साथ कराया जाए। विधायकों ने भी निर्माण की धीमी गति और इससे जनता को हो रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। इसके बाद अधिकारियों को सभी 5 सड़कों का काम 30 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। तीन सड़कों का किया निरीक्षण वहीं समीक्षा बैठक से पहले विशेष सचिव और यूरिडा के अधिकारियों ने सीएम ग्रिड के तहत बन रही घंटाघर-परेड, बगिया क्रॉसिंग और स्वरूप नगर की सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी ली गई। जल निगम को अपने लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क निर्माण में और देरी न हो। महापौर बोलीं- सख्ती के बाद रातों-रात बनने लगी सड़कें समीक्षा बैठक के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने निर्माण कार्यों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि शासन के अधिकारियों के निरीक्षण और सख्ती की जानकारी मिलते ही कुछ स्थानों पर रातों-रात सड़क निर्माण तेज हो गया। महापौर ने कहा कि इससे साफ है कि काम पहले भी तेजी से कराया जा सकता था, लेकिन इसमें लापरवाही बरती गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)