डॉक्टरों के पास बैठे मिलेंगे अनधिकृत लोग तो होगी कार्रवाई,:बाहर की दवा-जांच को लेकर शिकायतें, कुमारगंज अस्पताल में डॉक्टरों पर कड़ी निगरानी
अयोध्या जिले सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज की ओपीडी में चिकित्सकों के पास अनधिकृत लोगों के बैठने की शिकायतों को अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मरीजों और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पांडे ने सोमवार 5 अक्टूबर को सभी चिकित्सकों को नोटिस जारी कर ओपीडी में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को अपने पास नहीं बैठाने के निर्देश दिए हैं।नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी और शासन को भी अवगत कराया जाएगा। सीएमएस डॉ. रवि पांडे ने को बताया कि सभी चिकित्सकों को नोटिस देकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ओपीडी के दौरान उनके पास कोई भी अनधिकृत व्यक्ति मौजूद नहीं रहना चाहिए। यदि जांच के दौरान किसी चिकित्सक के पास अनधिकृत व्यक्ति बैठा मिला तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल में अनधिकृत लोगों के बैठने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा चिकित्सकों के कक्ष में बैठकर बाहर से दवाएं और जांच कराने के लिए मरीजों पर प्रभाव बनाया जाता है। इसे लेकर मरीजों और संबंधित लोगों के बीच कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी है। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि ओपीडी में अनधिकृत लोगों की मौजूदगी से मरीजों को परेशानी होने के साथ अस्पताल की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। वहीं, अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को बड़ी संख्या में ऐसी जांचें बाहर से कराने के लिए लिखे जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें से कई जांचें अस्पताल में उपलब्ध हैं। इसको लेकर भी अस्पताल प्रशासन स्तर पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज में प्रतिदिन करीब 300से400 मरीजों की ओपीडी होती है। कुछ दिनों में यह संख्या 500 तक पहुंच जाती है। यहां मिल्कीपुर, कुमारगंज, खंडासा के अलावा सुल्तानपुर और अमेठी जिले से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की सख्ती से ओपीडी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)