देवरिया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का प्रदर्शन:बैंक खातों से पैसे निकालने का आरोप, जांच की मांग

Oct 08, 2026 - 15:45
0
देवरिया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का प्रदर्शन:बैंक खातों से पैसे निकालने का आरोप, जांच की मांग
देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने गुरुवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने लक्ष्य प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ रामलक्षन के बैंक खातों से कथित तौर पर धनराशि निकाले जाने का आरोप लगाया। संघ की अध्यक्ष दुलारी देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। कई कार्यालयों में शिकायत का दावा महिलाओं के अनुसार, मामले को लेकर रुद्रपुर तहसील दिवस, गौरी बाजार ब्लॉक, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय देवरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन लखनऊ और जिलाधिकारी को पत्राचार किया जा चुका है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में श्रीकान्ती देवी, मनीषा देवी, रम्भा देवी, गीता देवी और जिला पंचायत सदस्य सुनील निषाद के नाम आरोपित पक्ष के रूप में दर्ज किए गए हैं। वहीं दुलारी देवी, उषा देवी, सीमा देवी, सुनीता, मीरा देवी, इन्द्रवती देवी, सुमित्रा, रीला, ममता देवी, माधुरी और सबिता देवी समेत अन्य महिलाओं ने जांच की मांग की है। मिलीभगत कर धन निकासी का आरोप शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने कथित मिलीभगत कर संगठन के बैंक खातों से धनराशि निकाली। हालांकि, ज्ञापन में निकाली गई रकम का स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। महिलाओं का कहना है कि बैंक स्टेटमेंट, निकासी रिकॉर्ड और वित्तीय अभिलेखों की जांच से वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। उन्होंने सक्षम अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर संगठन के खातों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की। साथ ही यह पता लगाने की मांग की कि धनराशि कब, किसके माध्यम से और किस प्रक्रिया के तहत निकाली गई। जांच मांगने पर दबाव बनाने का भी आरोप महिलाओं का आरोप है कि कथित धन निकासी पर आपत्ति जताकर जांच की मांग करने पर संबंधित लोगों की ओर से उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अपने खिलाफ की जा रही शिकायतों और कथित दबाव की भी जांच कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User