दीपोत्सव में रामायण के रंगों से सजेगी रामनगरी:56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख दीये, 10 भव्य द्वार, 20 सेल्फी प्वाइंट और पुष्पक विमान होंगे आकर्षण
दीपोत्सव-2026 में रामनगरी सिर्फ दीयों से नहीं, बल्कि रामायण की भव्य थीम से भी दमकेगी। प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों और राम की पैड़ी से लेकर सरयू तट तक आकर्षक सजावट की जाएगी। जगह-जगह रामायण के प्रसंगों पर आधारित कलात्मक स्थापनाएं, सजावटी द्वार, सेल्फी प्वाइंट और रोशनी की व्यवस्था होगी। श्रद्धालुओं को अयोध्या पहुंचते ही दीपोत्सव के भव्य स्वरूप का अहसास कराने की तैयारी है। दीपोत्सव के आयोजन 6 से 8 नवंबर तक होंगे। मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा। इस दौरान रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। वर्टिकल स्क्रीन के जरिए भी आयोजन स्थलों और जरूरी स्थानों की जानकारी दी जाएगी। राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 20 सेल्फी प्वाइंट राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। हर सेल्फी प्वाइंट का डिजाइन और थीम अलग होगी। त्रि-आयामी कलाकृतियों में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक दिखाई देगी। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक भी आकर्षक आर्ट इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे। 10 भव्य द्वार देंगे रामायण की पहचान लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से अयोध्या आने वाले मार्गों और धर्म पथ पर 10 भव्य सजावटी द्वार बनाए जाएंगे। प्रत्येक द्वार की थीम अलग होगी। भारतीय संस्कृति और रामायण के प्रसंगों पर आधारित इन द्वारों को रोशनी से सजाया जाएगा। पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार होगा। राम रथ और रामायण की झांकी भी आकर्षण का केंद्र होगी। राम की पैड़ी के पास राम दरबार और राम कथा पार्क के समीप हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच व पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर फ्लोटर्स भी लगाए जाएंगे। राम कथा पार्क का स्थायी मंच भी नए कलेवर में नजर आएगा। यहां एलईडी स्क्रीन, बेहतर साउंड-लाइट सिस्टम, पुष्प सज्जा और रंगोली की व्यवस्था होगी। प्रवेश और निकास द्वारों को रामायण के प्रसंगों से सजाया जाएगा। बच्चों को भी रामायण से जोड़ने की तैयारी पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार प्रमुख मार्गों पर रामायण के अलग-अलग कांड और प्रसंग सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के जरिए प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों और नई पीढ़ी को रामायण की कथाओं से जोड़ना है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। सजावट और प्रकाश व्यवस्था रामनगरी की ऐसी तस्वीर पेश करेगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यादगार बनेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)