दो भाइयों की मौत के बाद छत से लगाई छलांग:कानपुर में मानसिक रूप से परेशान था युवक, हैलट अस्पताल में भर्ती
कानपुर में शुक्रवार शाम एक युवक ने दो मंजिला छत से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के दो भाइयों की करीब 6 महीने के भीतर मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिवार का दावा है कि वह अपने मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहता था। युवक का कई जगह इलाज कराने के साथ झाड़-फूंक भी कराई गई, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना जाजमऊ थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव की है। दो भाइयों की मौत के बाद से परेशान था विकास वाजिदपुर गांव निवासी किसान रामशंकर कुमार ने बताया कि उनके बेटे गोविंद कुमार की करीब छह महीने पहले घर में फांसी लगाने से मौत हो गई थी। इसके बाद दूसरे बेटे अमन कुमार की भी दो मंजिला छत से गिरने से मौत हो गई। दोनों बेटों की मौत के बाद से तीसरा बेटा विकास कुमार (27) मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को विकास टेनरी में काम करने गया था। शाम को घर लौटने के बाद वह छत पर चला गया। कुछ देर बाद उसने अचानक छलांग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। कई जगह कराई झाड़-फूंक, नहीं मिली राहत विकास की बहन करिश्मा ने बताया कि गोविंद की मौत के बाद से विकास अपने मृत भाई की आत्मा दिखाई देने की बात कहता था। परिजनों का दावा है कि वह इसी परेशानी से जूझ रहा था। करिश्मा के मुताबिक, परिवार ने पिछले छह महीने में उन्नाव, हमीरपुर और बांदा समेत कई जगह बाबाओं के पास जाकर झाड़-फूंक कराई, लेकिन विकास की हालत में सुधार नहीं हुआ। जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)