दो दिन से लापता छात्र का नहीं लगा सुराग:श्रावस्ती में राप्ती पुल के पास मिली थी स्कूटी, CCTV खंगाल रही पुलिस

Oct 15, 2026 - 10:54
0
दो दिन से लापता छात्र का नहीं लगा सुराग:श्रावस्ती में राप्ती पुल के पास मिली थी स्कूटी, CCTV खंगाल रही पुलिस
श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के केवलपुर निवासी 17 साल के छात्र अर्पित सिंह का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। इकौना क्षेत्र के अंधरपुरवा स्थित राप्ती नदी पुल के पास उसकी ओला स्कूटी मिलने के बाद से परिजन अनहोनी की आशंका में परेशान हैं। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में दिनभर नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार को भी नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। लापता छात्र अर्पित के पिता दानवीर कर्ण सिंह सेमरी चौराहे पर दुकान चलाते हैं। अर्पित मंगलवार 13 अक्टूबर की शाम करीब 5:13 बजे अपनी ओला स्कूटी से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूटी में लगे जीपीएस ट्रैकर से लोकेशन देखने पर आखिरी लोकेशन अंधरपुरवा स्थित राप्ती पुल पर मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो पुल के बाईं ओर स्कूटी खड़ी मिली लेकिन अर्पित का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पिता ने इकौना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने नदी में दिनभर खोजबीन की, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका। अर्पित चार भाइयों में तीसरे नंबर पर है। अर्पित कक्षा 11 का छात्र है और स्कूल से लौटने के बाद पिता के काम में हाथ बंटाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अपनी ओला स्कूटी से इकौना क्षेत्र में जिम करने भी जाता था। लेकिन जिस लोकेशन पर स्कूटी मिली है अर्पित उधर कभी नहीं जाता था। फिलहाल छात्र के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं और पुलिस व एसडीआरएफ की टीम खोजबीन में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User