दो प्रत्याशियों के पर्चे खारिज:शिक्षक एमएलसी चुनाव में पति-पत्नी आमने-सामने
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पर्चा दाखिल करने वाले 19 प्रत्याशियों के पर्चे की जांच की गई। इसमें 2 प्रत्याशियों के पर्चे खारिज कर दिए गए। जिन 17 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं, उनमें मऊ के रहने वाले पति-पत्नी भी शामिल हैं। दोनों अब आमने-सामने हैं, हालांकि संभावना जताई जा रही है कि इनमें से कोई एक पर्चा वापस लेगा। मऊ जिले के रहने वाले अजीत कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी संगीता सिंह ने एक ही दिन नामांकन किया था। नाम वापस लेने का अंतिम दिन 9 अक्टूबर है। उसके बाद चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी। 29 सितंबर से छह अक्टूबर तक चली नामांकन प्रक्रिया में कुल 19 प्रत्याशियों ने 38 सेट में पर्चे दाखिल किए थे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच में दो प्रत्याशियों मनोज कुमार और चंद्रशेखर के पर्चे खारिज कर दिए गए। रिटर्निंग आफिसर एवं कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों ने मतदाता सूची से का प्रमाणित प्रपत्र जमा नहीं किया था। नामांकन के दिन ही उन्हें नोटिस देकर बुधवार सुबह 11 बजे पर्चों की जांच शुरू होने से पहले प्रपत्र उपलब्ध कराने का अवसर दिया गया था, लेकिन तय समय तक दोनों संबंधित प्रपत्र नहीं दे सके। इसके चलते उनके नामांकन निरस्त कर दिए गए। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रेक्षक अभय भी मौजूद रहे। अब चुनावी मैदान में 17 प्रत्याशी रह गए हैं। इनमें भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सपा के डा. संजयन त्रिपाठी के अलावा अजय सिंह, डा. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डा. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, संगीता सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और रामप्रताप राम शामिल हैं।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले 21 दावेदारों ने 50 पर्चे खरीदे थे, लेकिन 19 ने ही नामांकन किया। अब नौ अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। निर्वाचन क्षेत्र के 17 जिलों में करीब 54 हजार शिक्षक मतदाता हैं। मतदान के लिए 200 बूथ बनाए गए हैं। गोरखपुर जिले में 18 बूथों पर 7241 शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)