दशहरा पर होगा शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन:वृंदावन में जुटेंगे ब्रज के अलावा आसपास के क्षत्रिय समाज के लोग ,बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने शामिल होने का लिया संकल्प
वृंदावन क्षत्रिय महासभा द्वारा दशहरा पर 20 अक्टूबर को श्रीराम फार्म हाउस पर क्षत्रिय समाज का शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ब्रज क्षेत्र के इस शस्त्र पूजन महाआयोजन के संबंध में शनिवार को मथुरा के एक होटल में क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों ने एक बैठक की। जिसमें निर्णय लिया गया कि इस कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से भी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने समाज के लोगों से शस्त्र पूजन महाआयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक और भव्य बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के जरिए दिया जाएगा एकता,समरसता, परंपरा का संदेश बैठक में भरतपुर, डीग, कामां, नगर, पलवल, होडल, हसनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों तथा मथुरा की पांचों तहसीलों और विभिन्न ब्लॉकों से जुड़े क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ब्रज क्षेत्र का यह आयोजन किसी एक व्यक्ति अथवा संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त क्षत्रिय समाज की एकता, समरसता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। समाज कराए अपने संस्कारों से युवाओं को परिचित ठाकुर हरीबल्लभ सिंह ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि वृंदावन क्षत्रिय महासभा द्वारा पहली बार इतने व्यापक स्तर पर ब्रज क्षेत्र के क्षत्रिय समाज को एक मंच पर लाकर शस्त्र पूजन महाआयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकजुटता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि दशहरा भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा हमें धर्म, न्याय, मर्यादा और राष्ट्ररक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराती है। शस्त्र पूजन केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि शक्ति के सदुपयोग, समाज की रक्षा और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प का प्रतीक है। ठाकुर हरी बल्लभ सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज ने सदैव राष्ट्रहित, राष्ट्ररक्षा और समाज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है। आज आवश्यकता है कि समाज अपनी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कारों और कर्तव्यों से परिचित कराए। वृंदावन क्षत्रिय महासभा कर रही समाज को जोड़ने का काम जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वृंदावन क्षत्रिय महासभा निरंतर वृंदावन स्तर पर, जिला स्तर पर और अब ब्रज क्षेत्र के स्तर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। आगामी 20 अक्टूबर का शस्त्र पूजन महाआयोजन इसी निरंतर प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है। ठाकुर धर्मेन्द्र पाल सिंह और वीरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने सभी सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, युवाओं और समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 20 अक्टूबर को श्रीराम फार्म हाउस, वृंदावन पहुंच कर इस महाआयोजन को सफल बनाएं और समाज की एकता एवं समरसता का सशक्त संदेश दें। कुंवर नरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज के समय में समाज को संगठित करने, युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। पूर्व विधायक ठाकुर कारिंदा सिंह ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे व्यापक स्तर पर समाज को जोड़ने की एक सकारात्मक पहल बताया तथा शस्त्र पूजन महाआयोजन में सहभागिता और सहयोग का आश्वासन दिया। यह रहे मौजूद बैठक में कन्हैया राजावत, , ठाकुर उदय सिंह धरमसिंह, बीरेन्द्र सिंह सिसौदिया, रामबाबू सिसोदिया,नवीन सिंह , डॉ. लाल सिंह, श्याम सिंह , विजय सिंह दूध वाले,ज्ञानी सिंह सहित अनेक व्यक्ति एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)