दुर्गा पूजा पंडालों में डीएम-एसपी ने सुरक्षा परखी:सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की जांच, पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
सोनभद्र में नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। रविवार की रात 7.30 बजे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन इंतजाम और यातायात व्यवस्था की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने पूजा पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने अग्निशमन सुरक्षा के मद्देनजर उपलब्ध उपकरणों की जांच की और आयोजकों को जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सीसीटीवी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश कस्बा रॉबर्ट्सगंज में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था भी परखी गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कैमरों के जरिये संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने पर जोर दिया। इसके बाद पर्याप्त पुलिस बल के साथ संबंधित क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सौहार्द बनाए रखने की अपील जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)