दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज
बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद क्षेत्र के एक गांव में सामने आए दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रेमसुख दरिया ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने औरंगाबाद थाना प्रभारी को मामले की निष्पक्ष जांच और फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तहत मामले के मुख्य आरोपी लवकुश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता और मुख्य आरोपी लवकुश पूर्व से ही एक-दूसरे से परिचित थे। जांच के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों ने दोनों के बीच के संबंधों की जानकारी गांव में सार्वजनिक कर दी थी, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस बल तैनात कर दिया गया घटना के बाद गांव में किसी भी संभावित तनाव या शांति-व्यवस्था के बिगड़ने की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस हर गतिविधि पर बारीक नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। विधिक प्रक्रिया के तहत पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और अदालत में उसके बयान दर्ज कराने की कार्रवाई पूरी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अदालती बयानों के आधार पर निष्पक्ष और कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)