एएमयू धरना स्थल पर देर रात हंगामा-मारपीट:भूखहडृताल पर बैठे यासिर ने धमकी और अगवा करने की कोशिश की दी तहरीर, दूसरे पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप

Sep 28, 2026 - 23:41
0
एएमयू धरना स्थल पर देर रात हंगामा-मारपीट:भूखहडृताल पर बैठे यासिर ने धमकी और अगवा करने की कोशिश की दी तहरीर, दूसरे पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
एएमयू में छात्र संघ बहाली की मांग और छात्र यासिर के निलंबन के विरोध में चल रहे धरने के बीच सोमवार देर रात हंगामा हो गया। रात करीब 10 बजे एएमयू छात्र फैसल त्यागी अपने साथ कई छात्रों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। फैसल के मुताबिक, वह धरने के समर्थन में पहुंचे थे, लेकिन यासिर और उनके साथियों ने आरोप लगाया कि वे एएमयू प्रशासन के इशारे पर धरना खत्म कराने के लिए आए हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। यासिर ने थाने में दी तहरीर, धमकी और अगवा करने का आरोप घटना के बाद भूख हड़ताल पर बैठे यासिर फहद ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। इसमें कुछ नामजद और अन्य अज्ञात युवकों पर धरना खत्म करने का दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने और अगवा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। यासिर ने तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे वह धरना स्थल पर बैठा था, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और एएमयू प्रशासन के इशारे पर धरना खत्म कराने की बात कहते हुए दबाव बनाने लगे। मना करने पर गाली-गलौज की और उसे जबरन ले जाने की कोशिश की गई। धरने पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से वह बच सका। यासिर ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, उनके मोबाइल की सीडीआर की जांच कराने और मामले के पीछे की साजिश का पता लगाने की मांग की है। साथ ही खुद को खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। तहरीर में एएमयू प्रशासन पर लगाए गए आरोपों समेत अन्य आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। फैसल बोले- समर्थन देने गया था, गलत समझकर हाथापाई की दूसरी ओर फैसल त्यागी ने कहा कि वह धरने का समर्थन करने के लिए अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। पिछले दिनों परिवार में गमी होने के कारण वह धरना स्थल पर नहीं आ सके थे। सोमवार को समर्थन देने पहुंचे तो उन्हें गलत समझ लिया गया। फैसल का आरोप है कि कुछ छात्रों और बाहरी युवकों ने उनके साथ हाथापाई की, जिसमें उन्हें चोट आई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने और मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। दोनों पक्षों के आरोप, पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी कार्रवाई देर रात तक दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए। यासिर की तहरीर पुलिस को मिल चुकी है, जबकि फैसल भी शिकायत देने की बात कह रहे हैं। देर रात तक पुलिस की ओर से किसी मुकदमे के पंजीकरण की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस जांच और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User