एलडीए का रजिस्ट्री मेला एक दिन बढ़ा:बीते तीन दिन में 318 आवंटियों की हुई रजिस्ट्री, एक ही जगह मिल रही फाइल तैयार करने से लेकर रजिस्ट्री तक की सुविधा

Oct 16, 2026 - 12:19
0
एलडीए का रजिस्ट्री मेला एक दिन बढ़ा:बीते तीन दिन में 318 आवंटियों की हुई रजिस्ट्री, एक ही जगह मिल रही फाइल तैयार करने से लेकर रजिस्ट्री तक की सुविधा
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए लगाए गए विशेष शिविर में आवंटियों की अच्छी भागीदारी को देखते हुए इसकी अवधि एक दिन बढ़ा दी गई है। अब 16 अक्टूबर को भी आवंटी शिविर में पहुंचकर अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री करा सकेंगे। नवरात्रि के अवसर पर 13 अक्टूबर से शुरू हुए इस शिविर में तीन दिन के भीतर 318 आवंटियों ने रजिस्ट्री कराई है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लोगों की मांग और शिविर में मिले बेहतर परिणाम को देखते हुए इसे एक दिन और जारी रखने का फैसला लिया है। तीन दिन में 318 आवंटियों ने कराई रजिस्ट्री एलडीए के विशेष निबंधन शिविर में पहले दिन 107 आवंटियों ने रजिस्ट्री कराई थी। दूसरे दिन 93 आवंटियों की संपत्तियों का निबंधन हुआ, जबकि तीसरे दिन गुरुवार को 118 आवंटियों ने रजिस्ट्री कराई। इस तरह तीन दिनों में कुल 318 आवंटियों की संपत्तियों का निबंधन किया जा चुका है। एक ही जगह पूरी हो रही रजिस्ट्री की प्रक्रिया आवंटियों की सुविधा के लिए प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में शिविर लगाया गया है। यहां एलडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निबंधन विभाग की टीम भी मौजूद है। आवंटियों को फाइल तैयार कराने से लेकर रजिस्ट्री तक की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी कराने की सुविधा मिल रही है। इससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। आवंटियों ने इस व्यवस्था की सराहना भी की है। पीएमएवाई और ईडब्ल्यूएस भवनों की भी रजिस्ट्री शिविर में अलगअलग अपार्टमेंट के फ्लैटों के अलावा कानपुर रोड योजना, जानकीपुरम विस्तार, बसंतकुंज, शारदानगर, गोमतीनगर और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं की संपत्तियों की रजिस्ट्री कराई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), आश्रयहीन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के भवनों के आवंटियों ने भी शिविर में उत्साह दिखाया। नए आवेदन आए, आज भी मिलेगा मौका एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन किया जाता है। इनमें कई आवंटियों ने अब तक रजिस्ट्री नहीं कराई थी। ऐसे लोगों को सुविधा देने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रजिस्ट्री के लिए कई नए आवेदन भी मिले हैं, जिनकी फाइलें तैयार कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शिविर की अवधि एक दिन बढ़ाई गई है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को भी एलडीए और निबंधन विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रहकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराएगी। जिन आवंटियों की संपत्तियों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है, वे इस अतिरिक्त दिन का लाभ उठा सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User