एसटीपी कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर:100 से अधिक सफाई मित्रों और कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
लखनऊ में राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के छात्र-छात्राओं ने 345 एमएलडी भरवारा एसटीपी में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में एसटीपी और सीवर संचालन से जुड़े 100 से अधिक सफाई मित्रों व कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने इस दौरान कर्मचारियों की मधुमेह, रक्तचाप और आंखों की जांच की। इसके साथ ही वजन और सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य का भी परीक्षण किया गया। जांच के बाद चिकित्सकीय टीम ने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई। शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करना रहा। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने कर्मचारियों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा कर नियमित जांच के महत्व के बारे में भी बताया। डॉ. शिव कुमार मुद्गल ने कहा कि एसटीपी और सीवर नेटवर्क में कार्यरत सफाई मित्र शहर की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। वहीं सुएज के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल ने कहा कि सफाई मित्रों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों को स्वस्थ और कार्यस्थल पर सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करते हैं। कार्यक्रम में प्रो. निपिन कलाल, नवीना जेएच, जयवर्धन सिंह, पंकज सिंह, पार्थ सारथी नाथ और अक्षत सक्सेना मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)