फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 48 टीमें मैदान में भारत में ऐसे देखें फुटबॉल का महाकुंभ
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। अमेरिका मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट को भारत में टीवी और मोबाइल पर कैसे देखा जा सकता है इसकी पूरी जानकारी यहां दी गई है।
दि राइजिंग न्यूज़ | मेक्सिको सिटी | 12 जून 2026
दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट कई मायनों में खास होने वाला है क्योंकि इस बार विश्व कप में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा संयुक्त रूप से कर रहे हैं। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में होगा।भारतीय समय के अनुसार यह मुकाबला 12 जून की रात 12 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। दोनों टीमें लंबे समय बाद विश्व कप में आमने सामने होंगी।
फाइनल मुकाबला कब होगा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार फाइनल मुकाबला 20 जुलाई को होगा।इस बार टूर्नामेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें से 78 मुकाबले अमेरिका में आयोजित होंगे, जबकि मेक्सिको और कनाडा में 13 13 मुकाबले खेले जाएंगे।
नया फॉर्मेट और 48 टीमों की चुनौती
इस बार फीफा वर्ल्ड कप का प्रारूप पहले से अलग होगा। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में चार चार टीमें होंगी।ग्रुप चरण में हर टीम तीन मुकाबले खेलेगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी। इसके अलावा सभी ग्रुपों की तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें भी नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी।इस बार पहली बार राउंड ऑफ 32 चरण जोड़ा गया है। इसके बाद टीमों को खिताब जीतने के लिए ज्यादा मुकाबले खेलने होंगे। चैंपियन बनने वाली टीम को पहले के मुकाबले एक अतिरिक्त नॉकआउट मैच खेलना होगा।
फाइनल में पहली बार हाफ टाइम शो
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भी खास होगा। पहली बार विश्व कप फाइनल में हाफ टाइम शो आयोजित किया जाएगा, जो इस टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाएगा।
भारत में कहां देखें लाइव मुकाबले
भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण अधिकार जी ग्रुप के पास हैं। फुटबॉल प्रेमी टूर्नामेंट के सभी मुकाबले टीवी पर यूनाइट8 स्पोर्ट्स चैनलों के जरिए देख सकेंगे।मैचों का लाइव प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी चैनलों पर किया जाएगा। मोबाइल और ऑनलाइन दर्शक जी5 ऐप और वेबसाइट पर सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग देख पाएंगे।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मुख्य जानकारी
टूर्नामेंट शुरू: 12 जून 2026
पहला मुकाबला: मेक्सिको बनाम दक्षिण अफ्रीका
समय: रात 12 बजकर 30 मिनट
फाइनल: 20 जुलाई 2026
कुल टीमें: 48
कुल मुकाबले: 104
मेजबान देश: अमेरिका मेक्सिको कनाडा
लाइव प्रसारण: यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क