गाजियाबाद में BJP ने विधान परिषद चुनाव की रणनीति बनाई:शिक्षक-स्नातक सीट पर बूथ स्तर तक पहुंचने की तैयारी, मतदाता संपर्क बढ़ाने पर जोर
गाजियाबाद में आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर मंगलवार को भाजपा महानगर ने शिक्षक और स्नातक श्रेणी की बैठक की। मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी कॉलेज में हुई बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की। इसमें विधायक, चुनाव संयोजक, मंडल अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में मुख्य वक्ता महानगर प्रभारी अशोक कटारिया ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। 2 तस्वीरें देखिए… हर मतदाता तक पहुंचने की रणनीति अशोक कटारिया ने कहा कि विधान परिषद चुनाव भाजपा के विकास कार्यों और सरकार की कार्यशैली को जनता तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी के तहत मतदाताओं तक पहुंचने और चुनाव की तैयारियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ और मतदाता प्रबंधन के लिए जानी जाती है। कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना चाहिए। शिक्षक और स्नातक प्रत्याशियों ने भी किया संबोधित बैठक में शिक्षक विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा और स्नातक विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशी दिनेश गोयल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दोनों ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में मजबूती से जुटने और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने की अपील की। बैठक में बूथ स्तर की रणनीति, मतदाता संपर्क और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। समाज में समरसता पर जोर अशोक कटारिया ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा के साथ काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में एकजुटता और समरसता मजबूत करने तथा देशहित में काम करने का आह्वान किया। बैठक में शहर विधायक संजीव शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, आशा शर्मा, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, विधायक अजीत पाल त्यागी, सुदेश कश्यप, विजय मोहन, अमरदत्त शर्मा, राजेंद्र यादव, प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज, सचिन डेढ़ा, रनीता सिंह, नीरज शर्मा, विनोद कसाना और आशीष चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)