गोमती नदी पर 38.8 करोड़ से बनेगा पुल:अयोध्या-अमेठी के गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर; अभी नाव से नदी पार करते हैं ग्रामीण

Oct 04, 2026 - 17:14
0
गोमती नदी पर 38.8 करोड़ से बनेगा पुल:अयोध्या-अमेठी के गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर; अभी नाव से नदी पार करते हैं ग्रामीण
अयोध्या के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में देवगांव राजघाट पर गोमती नदी के पुल निर्माण की मांग पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और अमेठी को जोड़ने वाले इस पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 38.8 करोड़ रुपए की लागत से पुल बनाया जाएगा। इसके बनने से दोनों जिलों के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। अभी ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक अयोध्या के निदेशक शंभू सिंह ने रविवार को बताया कि देवगांव क्षेत्र के लोग लंबे समय से गोमती नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष अमानीगंज ब्रह्म प्रकाश शुक्ला और ग्रामीणों के साथ पूर्व सांसद लल्लू सिंह से मुलाकात कर समस्या बताई थी। इसके बाद पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पुल निर्माण की मांग उठाई। पूर्व सांसद ने 2024 में भेजा था पत्र पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि उन्होंने 26 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा था। इसमें मिल्कीपुर और अमेठी के शुकुल बाजार क्षेत्र को जोड़ने के लिए देवगांव के राजघाट पर पुल बनाने का आग्रह किया गया था। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुल निर्माण को स्वीकृति दे दी है। जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। दोनों जिलों के कई गांवों को मिलेगा फायदा पुल बनने से मिल्कीपुर क्षेत्र के देवगांव, रनीकपुर, पालपुर, घोड़वल, मझगांव पुरा उर्फ सुमेरपुर, भखौली, खांडसा और तिदौली समेत कई गांवों को फायदा होगा। वहीं अमेठी के शुकुल बाजार क्षेत्र के मखदुमपुर कला, बुढ़हा, खिरकी घाट और भगोले का पुरवा समेत आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। नाव का सहारा खत्म होगा, किसानों को भी राहत अभी ग्रामीणों को नदी पार करने और देवगांव की साप्ताहिक बाजार तक पहुंचने के लिए नाव पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे आने-जाने में काफी समय लगता है। पुल बनने के बाद नदी पार करने में करीब 10 मिनट लगेंगे। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही अयोध्या और अमेठी के बीच आवागमन भी सुगम होगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुल बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दोनों जिलों के बीच आवाजाही आसान हो जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User